रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले दो दिनों तक अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं।
साथ ही बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
ट्रफ का असर, 4 अप्रैल तक रहेगा प्रभाव
पश्चिम बंगाल से ओडिशा तक बने ट्रफ सिस्टम के कारण प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में 4 अप्रैल तक मौसम प्रभावित रहेगा।
इस दौरान कुछ जगहों पर ओलावृष्टि और तापमान में 2-3°C गिरावट हो सकती है।
कई जिलों में असर, बिजली व्यवस्था प्रभावित
प्रदेश के कई जिलों में फिलहाल बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं।
बिलासपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई, जिससे पेड़ गिरने और बिजली तार टूटने की घटनाएं सामने आईं और बिजली सप्लाई भी प्रभावित हुई।
अभी भी सामान्य से ज्यादा है तापमान
फिलहाल प्रदेश में तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री ज्यादा बना हुआ है।
रायपुर में 40.5°C और अंबिकापुर में 19.6°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
रायपुर में बादल और तेज हवाओं का असर
राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहेंगे।
कुछ स्थानों पर बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
अधिकतम तापमान 41°C और न्यूनतम 25°C के आसपास रह सकता है।

