रायपुर, 30 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चंदखुरी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी से अंबिकापुर–दिल्ली–कोलकाता हवाई सेवा का वर्चुअल शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रमुख शहरों को हवाई सेवाओं से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि आम नागरिकों को भी सुलभ हवाई यात्रा का लाभ मिल सके। उन्होंने प्रधानमंत्री के उस विजन का जिक्र किया, जिसमें “हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई यात्रा कर सके”, और कहा कि छत्तीसगढ़ में यह सपना साकार होता दिख रहा है।
उन्होंने सरगुजा अंचल के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि इस नई हवाई सेवा से दिल्ली और कोलकाता से सीधा जुड़ाव स्थापित होगा, जिससे क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि अंबिकापुर (दरिमा) से 72-सीटर विमान के संचालन से कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बिलासपुर एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू हो चुकी है और जगदलपुर में भी हवाई सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।
कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से मंत्री राजेश अग्रवाल और सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने भी इस पहल के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार जताया।
✈️ एलायंस एयर फ्लाइट शेड्यूल
इस हवाई सेवा का संचालन एलायंस एयर द्वारा सप्ताह में 4 दिन किया जाएगा। यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू हो चुकी है।

