रायपुर। राजधानी रायपुर के मोवा स्थित नशा मुक्ति केंद्र में एक युवक के साथ बर्बरता का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि नशा छुड़ाने के नाम पर युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी मानसिक स्थिति भी बिगड़ गई। शिकायत के आधार पर पंडरी थाना पुलिस ने आरोपी अनिकेत शर्मा के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
ओडिशा के युवक को इलाज के लिए लाया गया था रायपुर
जानकारी के अनुसार, ओडिशा के नबरंगपुर जिले के कुसुमपुर गंगापारा गांव निवासी अंकुर मांझी को नशे की लत से छुटकारा दिलाने के लिए उसके परिजनों ने सितंबर में इस केंद्र में भर्ती कराया था।
मिलने पहुंचे परिजनों को रोका, किया अभद्र व्यवहार
अक्टूबर में जब परिजन उससे मिलने पहुंचे, तो उन्हें युवक से मिलने नहीं दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि केंद्र के कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार और अपमानजनक बातें कीं।
शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशान
नवंबर में जब परिजन अंकुर को वापस अपने गांव ले गए, तो नहाने के दौरान उसकी पीठ और गले पर गहरे चोट के निशान दिखाई दिए।
पूछने पर अंकुर ने बताया कि केंद्र में रहने के दौरान संचालिका के बेटे अनिकेत शर्मा ने उसके साथ मारपीट की थी।
मारपीट से बिगड़ी मानसिक हालत
परिजनों के मुताबिक, बाद में अंकुर को इलाज के लिए विशाखापट्टनम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि मारपीट के कारण उसकी मानसिक स्थिति प्रभावित हुई है।
अस्पताल में 11 दिनों तक इलाज चला और अब भी उसे नियमित चेकअप के लिए ले जाया जाता है।
वीडियो सामने आने के बाद हुई कार्रवाई
मारपीट का वीडियो सामने आने और सबूत मिलने के बाद परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी अनिकेत शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

