रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जांजगीर-चांपा जिले की युवा पर्वतारोही सुश्री अमिता श्रीवास को उनके आगामी माउंट एवरेस्ट अभियान के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में अमिता से मुलाकात की और कहा कि 9 अप्रैल को अमिता काठमांडू के लिए रवाना होंगी, और उनका उद्देश्य है विश्व की सर्वोच्च चोटी पर तिरंगा फहराना। यह यात्रा केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की आकांक्षाओं और साहस की ऊंची उड़ान है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “यदि संकल्प अटल हो, तो कोई ऊंचाई असंभव नहीं रहती।” अमिता ने पहले ही वर्ष 2021 में माउंट किलिमंजारो फतह कर अपनी क्षमता और दृढ़ता का परिचय दिया है। उनका यह सतत प्रयास प्रदेश की युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए एक जीवंत प्रेरणा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि अमिता इस साहसिक अभियान में सफलता प्राप्त करेंगी और विश्व की सबसे ऊंची चोटी पर देश का तिरंगा फहराकर छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाएंगी।

