कोरबा। जिले के पाली थाना क्षेत्र में 7 साल के मासूम आयान खुरसेंगा की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पड़ोसी युवक रंजीत कुमार (19) को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल की दोपहर आयान अपने दोस्तों के साथ तालाब नहाने गया था। उसके साथी लौट आए, लेकिन आयान घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने खोजबीन शुरू की, तब पता चला कि पड़ोस में रहने वाला रंजीत कुमार उसे अपने साथ ले गया था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशे में था और मासूम को बहला-फुसलाकर सुनसान जगह ले गया। जब उसके मंसूबों में कामयाबी नहीं मिली और पकड़े जाने का डर सताने लगा, तो उसने पत्थर से बच्चे के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद आरोपी ने शव को पड़ोसी गांव करतली के खेत में स्थित कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

