रायपुर। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा आज दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड के ग्राम जामगांव (एम) में चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज दुर्ग राज के 56वें वार्षिक अधिवेशन में शामिल हुए। इस अवसर पर उनके साथ दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर भी उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री ने समाज के गौरवशाली अतीत का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज और सरदार वल्लभ भाई पटेल जैसे पुरोधाओं ने देश को दिशा दिखाई। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिवेशन समाजिक संगठन की मजबूती के लिए आवश्यक हैं।
अधिवेशन में महिलाओं की बढ़ती सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए 33% आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए 16, 17 और 18 अप्रैल को संसद का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने बस्तर को नक्सल मुक्त राज्य बनाने में जवानों की भूमिका का श्रेय देते हुए शांति स्थापना में शासन के प्रयासों का सफर साझा किया। इस अवसर पर समाज के उन्नत कृषक श्रीमती पूजा चंद्राकर, सफल व्यवसायी विनोद चंद्राकर और कलाकार पप्पू चंद्राकर को सम्मानित किया।
समाज की मांग पर जामगांव (एम) में डोम शेड और मंच निर्माण तथा ग्राम तर्रा में कुर्मी सामाजिक भवन हेतु 12 लाख रुपए की घोषणा भी की गई।
दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि समाज के विकास के लिए शिक्षा और संगठन दोनों जरूरी हैं। उन्होंने माताओं और बहनों को आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठित प्रयास से हर कार्य संभव है।
अधिवेशन में केन्द्रीय एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारी और समाज के बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित थे।

