सारंगढ़-बिलाईगढ़, 07 अप्रैल 2026। जिले में बैंक फ्रॉड का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ‘होल्ड’ खातों को ही ठगी का जरिया बना लिया गया।
सरसींवा पुलिस ने अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 31 लाख रुपये की ठगी के मामले में तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने बैंककर्मियों से साठगांठ कर ‘होल्ड’ खातों को फर्जी दस्तावेजों के जरिए अनहोल्ड कराया, जिसके बाद अलग-अलग खातों से 21 लाख और 10.34 लाख रुपये निकाल लिए गए।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवा साहू, परसनाथ साहू और सूर्यकांत साहू (निवासी रायकोना) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ये आरोपी लंबे समय से फरार थे और कई जिलों में अपना नेटवर्क फैला चुके थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 40 लाख रुपये मूल्य का सामान जब्त किया है, जिसमें इनोवा, सेलेरियो कार, जावा बाइक, एक्टिवा स्कूटी, लैपटॉप, प्रिंटर और मोबाइल फोन शामिल हैं।
यह पूरा मामला 25 दिसंबर 2025 को सामने आया था, जब HDFC बैंक बिलाईगढ़ और सारंगढ़ प्रबंधन ने शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम गठित कर जांच शुरू की गई और आखिरकार आरोपियों को पकड़ लिया गया।
फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस मामले में और भी बड़े नाम सामने आ सकते हैं।

