कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र के तरदा गांव स्थित हाई सेकेंडरी स्कूल में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां 20 वर्षीय तनिष्क कर्ष की छत से गिरने के कारण मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, तनिष्क अपने बड़े भाई अविनाश कर्ष के साथ स्कूल की तीन मंजिला छत पर सोया हुआ था। दोनों भाई देर रात एक शादी समारोह से लौटे थे और वहीं आराम करने लगे।
रात के दौरान अचानक तेज आवाज आई, जिसके बाद बड़े भाई ने देखा कि तनिष्क छत से नीचे गिर चुका है। वह तुरंत नीचे पहुंचा, लेकिन तब तक युवक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। 112 की टीम ने शव को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाई शराब के नशे में थे, जिससे संतुलन बिगड़ने और हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

