रायपुर। छत्तीसगढ़ में छात्रों को सुविधा देने के लिए अब 5 किलो का छोटा LPG गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया।
कलेक्टरेट परिसर स्थित रेडक्रॉस हॉल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर ने की। उन्होंने बताया कि जिले में रहने वाले छात्रों को आधार कार्ड और निवास प्रमाण पत्र के आधार पर गैस एजेंसियों के माध्यम से 5KG सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और वितरण नियमों के अनुसार किया जा रहा है। अधिकारियों ने वितरकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने अस्पताल, वृद्धाश्रम और अनाथालयों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए हैं। वहीं, नई गाइडलाइन के अनुसार शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के बाद ही गैस की बुकिंग की जा सकेगी।
फिलहाल नए गैस कनेक्शन और सिंगल-डबल कनेक्शन पर रोक लगा दी गई है। इंडेन डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विकास मरकाम ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि घबराएं नहीं, जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

