बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लालपुर में भीषण आगजनी की घटना सामने आई है। सोमवार दोपहर एक निजी प्लॉट में बायोगैस निर्माण और अन्य व्यावसायिक उपयोग के लिए रखे गए पैरा के विशाल भंडार में अचानक आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते सैकड़ों ट्रक पैरा जलकर राख हो गया और पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार छा गया।
सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस और दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस घटना में लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए आसपास के इलाके को समय रहते खाली करा लिया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रारंभिक जांच में भीषण गर्मी और सूखे पैरा के घर्षण को आग लगने का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

