रायपुर। अमलेश्वर थाना और ACCU टीम ने सूने मकानों को निशाना बनाने वाले एक सक्रिय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से सोने-चांदी के जेवरात और दोपहिया वाहन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 8 लाख 22 हजार रुपये आंकी गई है।
मामला अमलेश्वर थाना क्षेत्र के मोतीपुर का है, जहां निवासी रामस्वरूप साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 से 29 जनवरी के बीच उनके घर में चोरी हुई। घटना के दौरान घर सूना था, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।
शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर करीब दो महीने तक जांच की और आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खिलेश दास मानिकपुरी, भुनेश्वर यादव और तुलेश्वर सोनकर के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी खिलेश ने चोरी के जेवर तुलेश्वर को दिए थे। तुलेश्वर ने सोने के जेवर अपनी बहन पुष्पलता को दिए, जिसने उन्हें आईआईएफएल फाइनेंस कंपनी में गिरवी रख दिया, जबकि चांदी के जेवर अपनी मौसी माया सोनकर को सौंप दिए थे।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फाइनेंस कंपनी से सोने के जेवर और मौसी के घर से चांदी के जेवर बरामद कर लिए हैं। साथ ही आरोपी द्वारा खरीदी गई स्कूटी और महंगा मोबाइल भी जब्त किया गया है।
एसडीओपी पाटन अनूप लकड़ा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

