नई दिल्ली। कुंभ मेले के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हुई ‘मोनालिसा’ की शादी का मामला अब गंभीर कानूनी मोड़ ले चुका है। जांच में सामने आया है कि शादी के समय युवती बालिग नहीं, बल्कि नाबालिग थी।
इस खुलासे के बाद पति फरमान खान के खिलाफ POCSO एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) की जांच में पाया गया कि शादी के समय युवती की उम्र सिर्फ 16 साल 2 महीने थी। रिकॉर्ड के अनुसार, उसका जन्म 30 दिसंबर 2009 को हुआ था, जबकि शादी 11 मार्च 2026 को कराई गई।
जांच में यह भी सामने आया कि शादी के लिए इस्तेमाल किया गया जन्म प्रमाण पत्र फर्जी था। दस्तावेजों में जन्मतिथि 1 जनवरी 2008 दर्ज कराई गई थी, जो गलत पाई गई। यह प्रमाण पत्र महेश्वर नगर पालिका से अनियमित तरीके से जारी हुआ था, जिसे अब निरस्त करने की प्रक्रिया चल रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश के महेश्वर थाने में आरोपी फरमान खान के खिलाफ POCSO एक्ट, BNS और SC/ST एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई है।
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने इस मामले में सख्ती दिखाते हुए केरल और मध्य प्रदेश के DGP को 22 अप्रैल 2026 को दिल्ली तलब किया है।
यह पूरा मामला तब सामने आया जब शादी के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं। इसके बाद उम्र को लेकर उठे सवालों पर आयोग ने स्वतः संज्ञान लेकर जांच शुरू की, जिसमें यह बड़ा खुलासा हुआ।
बताया जा रहा है कि फरमान खान बागपत का निवासी है और फिल्मों में करियर बनाने के लिए मुंबई गया था, जहां उसकी मुलाकात युवती से हुई। दोनों ने केरल में शादी की, लेकिन अब यह मामला गंभीर कानूनी कार्रवाई में बदल चुका है।

