अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में महिला के साथ रेप और हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के 8 दिन बाद फरार आरोपी को चिरमिरी से गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी पर कुल 35 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। आरोपी को लेने के लिए सरगुजा पुलिस की टीम रवाना हो गई है।
जानकारी के अनुसार, 2-3 अप्रैल की रात महामाया द्वार के पास फुटपाथ पर आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद पूरे शहर में भारी आक्रोश फैल गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। उसकी कई पसलियां टूटी हुई थीं और आंतरिक अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा था।
जांच में आरोपी की पहचान पांडा उर्फ मिथुन के रूप में हुई थी, जो घटना के बाद से फरार था। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले से महिला के संपर्क में था और दोनों कबाड़ बीनने का काम करते थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा आईजी ने 30 हजार रुपए और एसएसपी ने 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। आरोपी की तलाश के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया गया और पूरे संभाग में अलर्ट जारी किया गया था।
लगातार दबिश और जांच के बाद आखिरकार पुलिस ने आरोपी को चिरमिरी से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

