रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में पद्मश्री जागेश्वर यादव के जीवन पर आधारित पुस्तक “बिरहोर जननायक” का विमोचन किया।
इस अवसर पर उन्होंने पुस्तक के लेखक डॉ. लोकेश पटेल को बधाई देते हुए इस कृति को प्रेरणादायक बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पद्मश्री जागेश्वर यादव का जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण का अनूठा उदाहरण है। उन्होंने विशेष रूप से बिरहोर आदिवासी समाज के उत्थान के लिए किए गए उनके कार्यों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि जशपुर जिले में ‘बिरहोर के भाई’ के रूप में प्रसिद्ध जागेश्वर यादव का जीवन समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य करने वालों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। उनका सरल व्यक्तित्व और समाज के प्रति प्रतिबद्धता सच्चे नेतृत्व की पहचान है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह पुस्तक न केवल उनके जीवन की प्रेरक यात्रा को सामने लाती है, बल्कि नई पीढ़ी को समाज के प्रति जिम्मेदार और जागरूक बनने का संदेश भी देती है।
वहीं, लेखक डॉ. लोकेश पटेल ने बताया कि यह पुस्तक बिरहोर समुदाय के विकास के लिए जागेश्वर यादव द्वारा किए गए कार्यों से प्रेरित है, जिसमें उनके जीवन संघर्ष और सामाजिक योगदान को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है।

