रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय में आयोजित ऑल इंडिया हेल्थ साइंसेज वाइस चांसलर मीट-2026 को संबोधित करते हुए इसे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर बताया।
उन्होंने देशभर से आए कुलपतियों, शिक्षाविदों और विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह सम्मेलन स्वास्थ्य शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में नवाचारों के आदान-प्रदान का बड़ा मंच बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले दो वर्षों में स्वास्थ्य क्षेत्र में तेज प्रगति की है। प्रदेश में 5 नए मेडिकल कॉलेज, 14 नर्सिंग कॉलेज और एक होम्योपैथी कॉलेज का निर्माण जारी है।
उन्होंने बताया कि राजधानी क्षेत्र में मेडिसिटी हब विकसित किया जा रहा है, जहां 5000 बिस्तरों वाला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित होगा, जिससे प्रदेशवासियों को विश्वस्तरीय इलाज मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे गरीब परिवारों को 5 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सहायता मिल रही है, जिससे इलाज आसान हुआ है और लोगों का भरोसा बढ़ा है।
उन्होंने बढ़ती बीमारियों जैसे मधुमेह और कैंसर पर चिंता जताते हुए कहा कि “आरोग्य मंदिर” जैसी पहल लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करेगी।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है, जिसमें 275 आधुनिक एम्बुलेंस और नए मेडिकल संस्थानों की स्थापना शामिल है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि नक्सल समस्या के कम होने के बाद छत्तीसगढ़ तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं गांवों तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।
इस दौरान कई जनप्रतिनिधि, विशेषज्ञ और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

