रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय में आयोजित ऑल इंडिया हेल्थ साइंसेज वाइस चांसलर मीट-2026 को संबोधित करते हुए इसे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर बताया।
उन्होंने देशभर से आए कुलपतियों, शिक्षाविदों और विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह सम्मेलन स्वास्थ्य शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में नवाचारों को नई दिशा देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से काम हुआ है। प्रदेश में 5 नए मेडिकल कॉलेज, 14 नर्सिंग कॉलेज और एक होम्योपैथी कॉलेज का निर्माण जारी है।
उन्होंने बताया कि राजधानी क्षेत्र में मेडिसिटी हब विकसित किया जा रहा है, जहां 5000 बिस्तरों वाला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाया जाएगा, जिससे प्रदेशवासियों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे गरीब परिवारों को 5 लाख रुपए तक की स्वास्थ्य सहायता मिल रही है, जिससे इलाज आसान हुआ है।
उन्होंने बढ़ती बीमारियों जैसे डायबिटीज और कैंसर पर चिंता जताते हुए ‘आरोग्य मंदिर’ जैसी पहल को लोगों के लिए जागरूकता का बड़ा माध्यम बताया।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है, जिसमें 275 अत्याधुनिक एम्बुलेंस और नए संस्थानों की स्थापना शामिल है। साथ ही 13 अप्रैल से बस्तर में 36 लाख लोगों की हेल्थ स्क्रीनिंग शुरू की जाएगी।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह सम्मेलन स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और इसके सुझाव केंद्र स्तर तक पहुंचाए जाएंगे।

