छत्तीसगढ़ में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला रायपुर जिले के नवापारा क्षेत्र से सामने आया है, जहां ट्रक और हाईवा की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, पिपरौद-बजरंगपुर नेशनल हाईवे 130C पर निर्माणाधीन टोल प्लाजा के पास खाली ट्रक और रेत से भरे हाईवा के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
हादसे में जान गंवाने वालों में दो लोग पारागांव और एक कुरूद का निवासी बताया जा रहा है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

