रायपुर। ऑनलाइन ठगी के मामले में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना पुरानी बस्ती और ACCU की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए बिहार के समस्तीपुर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 2 फरवरी 2026 को OLX के माध्यम से कैमरा खरीदने के नाम पर आरोपियों ने खुद को ऑल इंडिया कैमरा डिस्ट्रीब्यूटर बताकर पीड़िता को झांसे में लिया और अलग-अलग UPI ID के जरिए कुल 2 लाख रुपए की ठगी कर मोबाइल बंद कर दिया।
इस मामले में धारा 318(4) BNS के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंक खाते, CDR और डिजिटल ट्रांजेक्शन का विश्लेषण करते हुए आरोपियों की पहचान की।
पुलिस टीम बिहार पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से समस्तीपुर में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में धीरज कुमार महतो (38 वर्ष) और सुबोध कुमार सिंह (25 वर्ष) शामिल हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन खरीदारी करते समय सतर्क रहें और किसी भी अज्ञात व्यक्ति को अग्रिम भुगतान न करें। ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

