रायपुर: महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी अनिवार्य होने के बाद हजारों महिलाएं परेशान हैं। पिछले 7 दिनों से पोर्टल बंद होने के कारण हितग्राही ई-केवाईसी नहीं करा पा रही हैं और उन्हें बार-बार जनसेवा केंद्रों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पहले हुए वेरिफिकेशन में करीब 2000 मृत महिलाओं के नाम योजना से हटाए गए हैं। सही लाभार्थियों तक योजना का फायदा पहुंचाने के लिए ई-केवाईसी जरूरी किया गया है, लेकिन तकनीकी दिक्कतों के कारण प्रक्रिया ठप पड़ी है।
पोर्टल बंद, महिलाएं भटकने को मजबूर
दूर-दराज गांवों से आने वाली महिलाएं रोज चाइस सेंटर और निगम कार्यालय पहुंच रही हैं, लेकिन पोर्टल बंद होने के कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
2.27 लाख हितग्राहियों का लक्ष्य
जिले में 2,27,182 महिलाओं का ई-केवाईसी किया जाना है। समय पर प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर कई महिलाएं योजना के लाभ से वंचित हो सकती हैं।
राशि नहीं मिलने से बढ़ी चिंता
ई-केवाईसी अपडेट नहीं होने के कारण इस महीने मिलने वाली 1000 रुपये की राशि भी कई महिलाओं के खातों में नहीं पहुंची है।
जल्द शुरू होगा पोर्टल
अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी समस्या जल्द दूर कर ली जाएगी और पोर्टल चालू होते ही ई-केवाईसी प्रक्रिया फिर से शुरू होगी।

