छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में EOW और ACB की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है। इस मामले में कियोस्क संचालक गौरव शुक्ला (47) को गिरफ्तार किया गया है।
आरोप है कि उसने इंदिरा आवास योजना के तहत गरीबों के खातों में आई करीब 79 लाख रुपए की राशि हड़प ली।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने बैंक ऑफ इंडिया की स्टाफ आईडी का दुरुपयोग कर बंद पड़े खातों को दोबारा सक्रिय कराया। इसके बाद हितग्राहियों के आधार नंबर को अपने और अपने परिवार के आधार से लिंक कर दिया।
फिर AEPS सिस्टम के जरिए बायोमेट्रिक का इस्तेमाल कर धीरे-धीरे पैसा अपने खातों में ट्रांसफर करता रहा।
जांच में यह भी सामने आया कि करीब 10 अलग-अलग स्टाफ आईडी से 620 से ज्यादा फर्जी एंट्री की गईं, जिनमें कई बिना किसी दस्तावेज सत्यापन के थीं।
आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। EOW-ACB की टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है।

