छत्तीसगढ़ के तखतपुर में रायपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। समलपुरी ब्रिज के पास तेज रफ्तार ट्राला अज्ञात वाहन से टकरा गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई।
आग इतनी भयानक थी कि ट्राला चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही जलकर मौत हो गई। मृतक की पहचान झारखंड निवासी अरविंद भारद्वाज के रूप में हुई है।
यह घटना सकरी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। इसके बाद क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात बहाल करने की कोशिश की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

