छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संतोषी नगर में एक 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है।
मृतका की पहचान कविता दास (19) के रूप में हुई है, जो अपने प्रेमी के घर फांसी के फंदे पर लटकी मिली।
जानकारी के अनुसार, युवती रविवार रात अपने प्रेमी से मिलने उसके घर पहुंची थी। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद युवती ने कथित तौर पर उसी घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि युवती शादी को लेकर मानसिक दबाव में थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी प्रेमी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

