छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक प्रेमी जोड़े ने तीन मंजिला इमारत से छलांग लगा दी।
यह मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के बस स्टैंड स्थित EWS कॉलोनी का है। इस हादसे में चिरंजीव पांडे उर्फ चिंटू पांडे (23) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गरिमा सिंह (22) गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
युवती को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच करीब 3 साल से प्रेम संबंध था। देर रात दोनों इमारत की छत पर गए थे, जहां से शराब की बोतल, गिलास और अन्य सामान बरामद हुआ है।
आशंका जताई जा रही है कि शराब पीने के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया।
छत का दरवाजा अंदर से बंद मिला है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।

