छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दंतेवाड़ा के छिंदनार में क्रिकेट के महानायक सचिन तेंदुलकर के आगमन को बस्तर के बदलते स्वरूप की पहचान बताया है।
CM साय ने कहा कि यह नया बस्तर अब भय और असुरक्षा से निकलकर विकास, अवसर और आत्मविश्वास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सचिन तेंदुलकर का बच्चों के बीच जाकर उन्हें खेलों के प्रति प्रेरित करना एक सराहनीय पहल है, जिससे युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित होगी।
दंतेवाड़ा के छिंदनार गांव में सचिन तेंदुलकर और माणदेशी फाउंडेशन द्वारा निर्मित मल्टी-स्पोर्ट्स ग्राउंड का उद्घाटन किया गया। इस दौरान बच्चों के साथ विभिन्न खेल गतिविधियां आयोजित की गईं।
CM साय ने ‘मैदान कप अभियान’ को खेल अधोसंरचना के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे जनजातीय अंचलों के बच्चों को बेहतर अवसर मिलेंगे।
उन्होंने भरोसा जताया कि इस तरह की पहल से बस्तर के युवाओं को नई दिशा मिलेगी और वे अपने सपनों को साकार कर सकेंगे।


