छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां चांदो स्थित एक शासकीय स्कूल परिसर में लाखों रुपये के स्कूल यूनिफॉर्म कूड़े के ढेर में पड़े मिले।
बताया जा रहा है कि ये यूनिफॉर्म शैक्षणिक सत्र 2024-25 में छात्रों को वितरण के लिए लाए गए थे, लेकिन लापरवाही के चलते बच्चों तक पहुंच ही नहीं सके।
हैरानी की बात यह है कि जहां कई जरूरतमंद छात्र बिना यूनिफॉर्म के स्कूल जाते रहे, वहीं उनका हक कचरे में पड़ा मिला।
इससे पहले भी जिले में यूनिफॉर्म वितरण को लेकर कई गड़बड़ियां सामने आ चुकी हैं, यहां तक कि अधिकारियों पर कार्रवाई भी हो चुकी है। इसके बावजूद ऐसी घटनाएं सिस्टम पर बड़े सवाल खड़े कर रही हैं।
फिलहाल जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के निर्देश दे दिए हैं। मौके पर टीम भेजकर यह पता लगाया जा रहा है कि यूनिफॉर्म वहां कैसे और कब फेंके गए।

