रायपुर। राजधानी के दलदल सिवनी इलाके में एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया, जब एक अपार्टमेंट में AC फटने से आग लग गई।
घटना मोवा थाना क्षेत्र के सुमित होलसेल के पास स्थित छह मंजिला अपार्टमेंट की है, जहां दोपहर करीब 1:30 बजे तीसरी मंजिल पर अचानक AC ब्लास्ट हुआ और आग तेजी से फैल गई।
कुछ ही मिनटों में पूरे फ्लैट में घना धुआं भर गया, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। लोग घबराकर अपने-अपने फ्लैट छोड़कर बाहर निकलने लगे।
इस दौरान एक युवक को बाहर निकालते समय हल्की चोट भी आई।
सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

