दुर्ग। जिले के सुपेला थाना क्षेत्र स्थित STF कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक महिला ने घर में घुसकर आरक्षक की पत्नी और उसके 9 साल के बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी। इस हमले में दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनमें से एक ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, मृतका रीना यादव के पति ललितेश यादव STF में आरक्षक हैं और वर्तमान में बीजापुर में पदस्थ हैं। घटना के समय वे घर पर नहीं थे। इसी दौरान आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज (25) घर में घुसी और सो रहे बच्चे पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए। इसके बाद उसने रीना यादव पर भी हमला कर दिया।
हमले के दौरान मां ने बहादुरी दिखाते हुए आरोपी का पैर पकड़ लिया, जिससे बेटियों को भागने का मौका मिला। बड़ी बेटी तानिया (11) बाहर निकलकर पड़ोसियों को सूचना देने में सफल रही, जबकि दूसरी बेटी नैना (12) बाथरूम में छिप गई।
सूचना मिलते ही पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आरोपी महिला को पकड़ लिया। दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रीना यादव और उनके बेटे आदित्य यादव की मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में अवैध संबंध को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।

