बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के अभिलाषा परिसर में देर रात एक प्रेमी जोड़ा तीन मंजिला इमारत की छत से गिर गया। इस हादसे में चिरंजीव पांडे (23) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गरिमा सिंह (23) गंभीर रूप से घायल है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, 21 अप्रैल की रात दोनों छत पर बैठे थे और शराब के नशे में थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से दोनों नीचे गिर गए। गिरते ही दोनों बुरी तरह घायल हो गए, लेकिन रात होने के कारण किसी ने उनकी आवाज नहीं सुनी।
सुबह करीब 6 बजे लोगों ने उन्हें खून से लथपथ हालत में देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है और वह चलने-फिरने की स्थिति में नहीं है।
“बचाने के दौरान हुआ हादसा”
युवती के बयान में सामने आया है कि युवक नशे में लड़खड़ा रहा था और गिरने लगा, जिसे बचाने के दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे जा गिरे।
3 साल से था रिश्ता
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों के बीच पिछले करीब 3 साल से प्रेम संबंध था।
पुलिस जांच जारी
एसएसपी रजनेश सिंह के अनुसार, यह मामला आत्महत्या नहीं बल्कि हादसा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।


