अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां गांजा तस्करी पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम की बोलेरो गाड़ी ही एक शातिर चोर लेकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर कुछ ही देर में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली थाना पुलिस को सत्तीपारा इलाके में गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान पुलिसकर्मी जांच में व्यस्त थे और बोलेरो की चाबी वाहन में ही छूट गई।
इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपी मुकेश नामदेव एक मकान की छत से कूदकर नीचे आया और सीधे पुलिस की बोलेरो लेकर फरार हो गया। जब पुलिस टीम वापस लौटी तो सरकारी गाड़ी गायब देखकर हड़कंप मच गया।
DSP का मोबाइल बना सुराग
घटना में बड़ा मोड़ तब आया जब पता चला कि प्रशिक्षु डीएसपी का मोबाइल फोन भी उसी गाड़ी में रह गया है। पुलिस ने तुरंत मोबाइल लोकेशन ट्रैक की और उसी दिशा में पीछा शुरू किया।
कुछ ही देर बाद राम मंदिर इलाके के पास बोलेरो बरामद कर ली गई। सर्चिंग के दौरान आरोपी मुकेश नामदेव को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसके पास से वाहन की चाबी भी बरामद हुई है।
इस अनोखी घटना की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। वहीं पुलिस के लिए भी यह मामला बड़ी सीख बन गया है कि छोटी सी लापरवाही भी बड़ी परेशानी खड़ी कर सकती है।

