अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सीतापुर थाना क्षेत्र में शादी समारोह से घर लौट रही दो आदिवासी बच्चियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने मामले में 3 नामजद आरोपियों सहित अन्य युवकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दोनों पीड़ित बच्चियां विशेष पिछड़ी जनजाति मांझी समुदाय से हैं। वे अपने घर के पास की बस्ती में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। देर रात समारोह से लौटते समय आरोपियों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और वारदात को अंजाम दिया।
परिजनों का आरोप है कि 8 से 9 युवकों ने मिलकर बच्चियों के साथ गैंगरेप किया। घटना के बाद पीड़ित बच्चियों की हालत खराब हो गई, जिसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस पूरे मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

