रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन से छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट जारी किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा में सफल हुए सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि इस वर्ष हाई स्कूल परीक्षा में 77.15 प्रतिशत और हायर सेकेंडरी परीक्षा में 83.04 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। उन्होंने इसे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था, शिक्षकों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।
मुख्यमंत्री ने खासतौर पर बेटियों के शानदार प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां लगातार शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह छात्राओं के आत्मविश्वास, मेहनत और समाज में बढ़ती शिक्षा जागरूकता का प्रतीक है।
उन्होंने दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों की भी सराहना की, जिन्होंने प्रावीण्य सूची में स्थान बनाकर यह साबित कर दिया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। सीमित संसाधनों के बावजूद इन छात्रों ने कड़ी मेहनत से उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें और विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने यह भी कहा कि जो छात्र अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सके हैं, वे निराश न हों और लगातार प्रयास करते रहें।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष रेणु पिल्लै और स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

