दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करहीडीह से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जहां महज 2400 रुपए के लिए एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी योगेंद्र निषाद उर्फ बाठू (आरोपी) को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक राम नारायण निषाद अपने साथियों के साथ शराब पीने के बाद नशे की हालत में सो गया था। इसी दौरान आरोपी अपने नाबालिग साथी के साथ वहां पहुंचा और उसकी जेब से 2400 रुपए निकालने की कोशिश करने लगा।
जैसे ही रामनारायण को होश आया और उसने विरोध किया, आरोपियों ने उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद उसके पैर गमछे से बांधकर खेत की ओर घसीट ले गए और पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। 26 अप्रैल को पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू की, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी की मां सावित्री निषाद ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की और खून से सने कपड़े व जूते जला दिए।
पुलिस ने आरोपी के पास से खून से सना तकिया और लूट की कुछ रकम बरामद की है। मामले में नाबालिग आरोपी और साक्ष्य नष्ट करने के आरोप में उसकी मां को भी गिरफ्तार किया गया है।
मुख्य आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

