कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक नाबालिग बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक (46 वर्षीय पिता) और उसके 17 वर्षीय नाबालिग बेटे (आरोपी) के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब पीने का आदी था और घटना वाले दिन उसने पिता से पैसे मांगे थे।
पैसे नहीं देने पर गुस्से में आकर आरोपी ने पिता के सिर और चेहरे पर ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजनों ने घायल को जिला अस्पताल कोरबा पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे बिलासपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान 7 अप्रैल को पिता की मौत हो गई।
मृत्यु की पुष्टि के बाद 28 अप्रैल को उरगा थाने में धारा 103 बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी नाबालिग ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर दिया है। घटना में इस्तेमाल की गई ईंट भी बरामद कर ली गई है। मामले की जांच जारी है।

