रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर में विधानसभा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में पत्रकार नीरा साहू द्वारा लिखित पुस्तक ‘अविस्मरणीय यात्रा’ का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने लेखिका को उत्कृष्ट रचना के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिला पत्रकारों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में विधानसभा में आयोजित विशेष सत्र और शासकीय संकल्प के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम बताया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिला पत्रकारों के अध्ययन भ्रमण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक और सांस्कृतिक भ्रमण से पत्रकारों की दृष्टि व्यापक होती है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा-वृत्तांत पर्यटन प्रेमियों के लिए एक उपयोगी मार्गदर्शिका साबित होगा।
इस कार्यक्रम में निशा द्विवेदी, चित्रा पटेल, लवलीना शर्मा, डॉ. दानेश्वरी संभाकर, संगीता लकड़ा और आमना खातून सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

