रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज विधानसभा में Miss India छत्तीसगढ़ 2026 अनुष्का सोन ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान अनुष्का ने महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को लेकर किए जा रहे प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
अनुष्का सोन ने कहा कि नारी सशक्तिकरण के लिए विशेष सत्र आयोजित करना एक प्रेरणादायक पहल है, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने बताया कि वे विधानसभा की ऐतिहासिक कार्यवाही को सुनने विशेष रूप से पहुंची थीं और इस अनुभव को बेहद प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि नीति निर्माण की प्रक्रिया को करीब से देखना उनके लिए एक नई सीख रही।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह की पहल महिलाओं के आत्मविश्वास को मजबूत करेगी और उन्हें नेतृत्व की भूमिका में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री ने अनुष्का सोन को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं, जो राज्य के लिए गर्व की बात है।

