कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले स्थित मारुति क्लीन कोल बांधाखार पावर प्लांट में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। पावर ट्रांसफार्मर में जोरदार ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई, जिससे प्लांट की 300 मेगावाट यूनिट का उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 1:45 बजे हुई, जब ट्रांसफार्मर में अचानक विस्फोट हो गया। धमाके की तेज आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और आग की ऊंची लपटें उठने लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही प्लांट के सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। वहीं चाकाबुड़ा स्थित एसीबी प्लांट से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग इतनी भीषण थी कि दमकलकर्मियों को करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू मिला।
हालांकि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रांसफार्मर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
ब्लास्ट के बाद प्लांट की 300 मेगावाट यूनिट को तुरंत बंद कर दिया गया, जिससे बिजली उत्पादन पूरी तरह रुक गया। कंपनी के अनुसार, वैकल्पिक ट्रांसफार्मर के जरिए जल्द उत्पादन बहाल करने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल प्लांट प्रबंधन, पुलिस और प्रशासन की टीम हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।


