दुर्ग। भिलाई के नेहरू नगर स्थित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां फर्स्ट बटालियन में पदस्थ असिस्टेंट कमांडेंट संतोष कुमार झरिया के 20 वर्षीय बेटे आयुष झरिया ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे परिसर में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, घटना 30 अप्रैल की शाम 7 से 10 बजे के बीच की बताई जा रही है। उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था। पिता विधानसभा ड्यूटी पर गए हुए थे, जबकि मां और बहन गांव गई हुई थीं। इसी दौरान आयुष ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
परिवार के घर लौटने पर घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद तत्काल स्मृति नगर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल रहस्य बनी हुई है।
पुलिस अब परिवारजनों और करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही मृतक के मोबाइल फोन और निजी सामान की भी जांच की जा रही है, ताकि किसी मानसिक तनाव, निजी परेशानी या अन्य कारणों का पता लगाया जा सके।
बताया जा रहा है कि आयुष सामान्य जीवन जी रहा था और पहले किसी गंभीर परेशानी के संकेत सामने नहीं आए थे। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

