बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 10वीं बोर्ड परीक्षा में लगातार दो साल असफल रहने से परेशान एक नाबालिग छात्र ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, मामला डौंडी थाना क्षेत्र के बंधिया पारा का है। मृतक की पहचान राजवीर बघेल (17 वर्ष 6 माह) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजवीर पिछले कुछ समय से परीक्षा परिणाम को लेकर मानसिक तनाव में था।
परिजनों के अनुसार, बीते वर्ष वह 10वीं बोर्ड परीक्षा में 6 विषयों में फेल हुआ था। वहीं इस साल भी 5 विषयों में असफल होने के बाद वह काफी निराश रहने लगा था। इसी तनाव में आकर उसने फांसी लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही डौंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में मामला परीक्षा में असफलता से जुड़े मानसिक तनाव का बताया जा रहा है। पुलिस परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

