कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। लोहारा थाना क्षेत्र के सिंगारपुर गांव के पास एक महिला का शव नग्न अवस्था में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात पुलिस को सूचना मिली कि गांव के पास एक महिला की लाश संदिग्ध हालत में पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जता रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।
फिलहाल मृत महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।


