धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस लाइन स्थित फायरिंग रेंज में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। नगर सेना के जवान नियमित फायरिंग अभ्यास कर रहे थे, तभी अचानक .303 राइफल का चैंबर फट गया, जिससे एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, रुद्री स्थित पुलिस लाइन के फायरिंग रेंज में ट्रेनिंग चल रही थी। इसी दौरान राइफल में तकनीकी खराबी आने से उसका चैंबर ब्लास्ट हो गया। हादसे में निकला मेटल शेल पास में खड़े जवान चौबे लाल टंडन की गर्दन के पीछे जा लगा।
घटना के बाद फायरिंग रेंज में अफरा-तफरी मच गई। साथी जवानों ने तुरंत घायल जवान को प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
डॉक्टरों के मुताबिक, मेटल शेल गर्दन को छूते हुए कान के पीछे से निकला है। फिलहाल एक्स-रे रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर इलाज किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह राइफल की तकनीकी खराबी बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस लाइन में हथियारों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

