कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। पांडातराई थाना क्षेत्र के गड़ाई गांव के पास फोक नदी पुल पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे में 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, रायपुर के बिरगांव इलाके के रहने वाले 6 युवक पंडरिया में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और पुल से नीचे फोक नदी में गिर गई।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी युवकों को कार से बाहर निकाला गया।
इस हादसे में अरमान खान, सौंफ, अनस और कौनेन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जुनैद रजा और आरजू खान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले जिला अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर किया गया है। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


