रायपुर/खैरागढ़। सुशासन तिहार 2026 के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के छुईखदान विकासखंड स्थित ग्राम सरोधी पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उनका जोरदार और आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
महिला स्वसहायता समूह की महिलाओं ने महुआ, चार, आम और रखियां बड़ी भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया, वहीं स्कूली बच्चों ने अपने हाथों से तैयार गुलमोहर और कनेर के फूलों के गुलदस्ते देकर सम्मान जताया।
ग्राम सरोधी के पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में कटहल और गुलमोहर के पेड़ों की छांव तले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खाट पर बैठकर चौपाल लगाई और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से सरकार खुद जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान 1 मई से 10 जून तक चलेगा और इसका उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने 28 महीनों में मोदी की गारंटी के अधिकांश वादे पूरे कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर धान खरीदी की जा रही है और दो साल का बकाया बोनस भी दिया गया है।
उन्होंने बताया कि तेंदूपत्ता संग्रहण की दर 4000 रुपये से बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा कर दी गई है। साथ ही रामलला दर्शन योजना और तीर्थ यात्रा दर्शन योजना के जरिए लोगों को धार्मिक यात्राओं का लाभ भी दिया जा रहा है।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल समस्या उठाई, जिस पर मुख्यमंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि जनसमस्याओं का समाधान समयबद्ध और प्राथमिकता के साथ किया जाए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए कई बड़ी घोषणाएं भी कीं। इनमें राशन पीडीएस दुकान, नया ग्राम पंचायत भवन, स्कूल भवन निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, पुल निर्माण, 108 एम्बुलेंस सुविधा, सड़क नवीनीकरण और 33 केवी सब स्टेशन की स्वीकृति शामिल है।

