रायपुर। सुशासन तिहार के तहत ग्राम सरोधी में आयोजित चौपाल कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का ग्रामीणों ने बेहद आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान “जय मां बंजारी महिला स्व सहायता समूह” की महिलाओं ने मुख्यमंत्री को स्थानीय उत्पादों से सजी खास टोकरी भेंट की।
महिला समूह की ओर से मुख्यमंत्री को आम, रखिया बड़ी, कुटकी, चार और पपीता से सजी टोकरी भेंट की गई। यह भेंट गांव की समृद्ध परंपरा, स्थानीय संस्कृति और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बनी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महिलाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्व सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने महिलाओं के प्रयासों को प्रेरणादायक बताते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस दौरान महिला समूह की सदस्यों ने बताया कि वे स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर विभिन्न उत्पाद तैयार कर रही हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं से उन्हें लगातार सहयोग और प्रशिक्षण मिल रहा है।
सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की जानकारी ली।

