रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिंग रोड स्थित हंस ट्रैवल्स ऑफिस पर छापा मारा। रेड के दौरान अधिकारियों ने 10, 20 और 50 रुपये के नोटों से भरे तीन बोरे बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के मुताबिक, DRI को सूचना मिली थी कि ट्रैवल्स कंपनी के जरिए कथित तौर पर जाली नोटों की खेप एक राज्य से दूसरे राज्य भेजी जा रही है। इसी इनपुट के आधार पर पांच अधिकारियों की टीम ने अचानक दबिश दी और संदिग्ध नोटों से भरे बोरे जब्त कर लिए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह रकम पश्चिम बंगाल के कोलकाता से दिल्ली भेजी जा रही थी। बताया जा रहा है कि उदय सिंह बिस्वाल नामक व्यक्ति ने इन बोरों को ट्रांसपोर्ट के लिए बुक कराया था, जिन्हें दिल्ली में कमल किशोर गुप्ता तक पहुंचाया जाना था।
फिलहाल DRI की टीम बरामद नोटों की जांच कर रही है कि वे असली हैं या जाली। साथ ही इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच जारी है और आने वाले दिनों में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।


