बलौदाबाजार। जिले के भाटापारा शहर में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मंडी रोड स्थित एक पाइप गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके में घना काला धुआं फैल गया। आग की भयावह लपटों से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, यह गोदाम अनिल साहू का बताया जा रहा है, जहां बड़ी मात्रा में प्लास्टिक पाइप और बोरवेल से जुड़ा सामान रखा हुआ था। प्लास्टिक सामग्री होने की वजह से आग तेजी से फैलती चली गई और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। घंटों की मशक्कत के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू पाने की कोशिश जारी रही।
फिलहाल इस हादसे में हुए नुकसान का आंकलन नहीं हो पाया है। वहीं आग लगने की असली वजह भी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या लापरवाही की जताई जा रही है।

