रायपुर। राजधानी रायपुर के मोवा-पंडरी इलाके में हुए सनसनीखेज फायरिंग कांड ने अब डबल मर्डर का रूप ले लिया है। अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही घायल साली दुर्गेश्वरी ने भी बुधवार सुबह दम तोड़ दिया। इससे पहले उसकी बहन गीतांजलि की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी जितेंद्र वर्मा का अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि बच्चों से मिलने को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसने अचानक हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर मौके पर मौजूद दोनों सालियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने तीन राउंड फायर किए, जिससे दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गीतांजलि को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दुर्गेश्वरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
वारदात के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आरोपी के नशे में होने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और फायरिंग के पीछे की पूरी वजह पता लगाने में जुटी हुई है।


