रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जशपुर जिले में “सुशासन तिहार 2026” के तहत जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 16 मई 2026 को जशपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम जामटोली और नगर पंचायत कुनकुरी में विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
14 गांवों के ग्रामीण रख सकेंगे अपनी समस्याएं
जामटोली में आयोजित होने वाले शिविर में जामटोली, बड़ाबनाई, जुरतेला, पुत्रीचौरा, पिलखी, साईटांगरटोली, पोड़ी, लोदाम, बाम्हनपुरा, चौलीटांगरटोली, पोरतेंगा, झोलंगा, जकबा और लोखण्डी सहित 14 गांवों के ग्रामीण अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
कुनकुरी के 15 वार्डों के नागरिक भी होंगे शामिल
वहीं नगर पंचायत कुनकुरी के वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक के नागरिक भी शिविर में भाग लेकर अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे। प्रशासन ने जानकारी दी है कि कुनकुरी नगरीय निकाय का यह शिविर पहले 11 मई 2026 को प्रस्तावित था, जिसे संशोधित कर अब 16 मई को आयोजित किया जाएगा।
समयबद्ध निराकरण का दावा
प्रशासन के अनुसार सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। यह अभियान प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने तथा समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
जशपुर कलेक्टर ने शिविरों के सफल संचालन के लिए नोडल और विभागीय अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
नागरिकों से अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के संबंधित शिविर में पहुंचकर आवेदन प्रस्तुत करें, ताकि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जा सके।

