जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में चोरी की एक कथित वारदात का पुलिस ने कुछ ही घंटों में ऐसा खुलासा किया, जिसने सभी को चौंका दिया। जिस व्यक्ति ने घर से 2.21 लाख रुपए चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी, वही पूरी साजिश का मास्टरमाइंड निकला।
खेत बेचकर रखे थे पैसे
मामला बिर्रा थाना क्षेत्र के बनडभरा गांव का है। यहां रहने वाले नरेश भरद्वाज ने पुलिस को बताया था कि उसने हाल ही में अपना खेत 2 लाख 21 हजार रुपए में बेचा था।
उसने दावा किया कि रकम घर की अलमारी में रखी थी, लेकिन रात में अज्ञात चोर अलमारी उठाकर ले गए और खेत के पास उसे तोड़कर पैसे निकाल लिए।
पुलिस को हुई शिकायतकर्ता पर शक
शुरुआत में मामला गंभीर चोरी का लग रहा था, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को शिकायतकर्ता की गतिविधियां संदिग्ध लगीं।
बताया जा रहा है कि नरेश बार-बार थाने आने से बच रहा था और पुलिस कॉल्स का भी सही जवाब नहीं दे रहा था। इसके बाद पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की।
कर्ज से बचने रची फर्जी चोरी की कहानी
पूछताछ में नरेश ने कबूल किया कि उसने खुद ही चोरी की झूठी कहानी बनाई थी। दरअसल, उसने गांव के कई लोगों से उधार लिया हुआ था और कर्ज लौटाने से बचने के लिए यह पूरा ड्रामा रचा।
उसने अलमारी को खुद घर से दूर ले जाकर तोड़ा और पैसे निकालकर घर की छत पर छिपा दिए, ताकि मामला असली चोरी जैसा लगे।
पूरी रकम बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 2.21 लाख रुपए बरामद कर लिए हैं। फिलहाल रकम नरेश भरद्वाज को सुपुर्द कर दी गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

