अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में फेमस टुनटुन दाबेली सेंटर के संचालक अमन ओझा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। अमन ओझा का शव झारखंड के रंका क्षेत्र में मिला, जबकि उनकी बाइक बलरामपुर जिले के रामानुजगंज इलाके से बरामद हुई है।
सोशल मीडिया पोस्ट के बाद चर्चा में थे अमन
जानकारी के मुताबिक, अमन ओझा पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट और वीडियो को लेकर चर्चा में थे। उन्होंने एक मुस्लिम युवक पर अपनी पत्नी को भगाकर ले जाने का आरोप लगाया था। साथ ही वीडियो जारी कर खुद की हत्या की आशंका जताई थी और धमकियां मिलने की बात कही थी।
सिर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका गहरी
परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि अमन ओझा ने धमकी मिलने के बाद अंबिकापुर कोतवाली थाना में शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। बताया जा रहा है कि शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।
झारखंड पुलिस ने जारी किया था फोटो
झारखंड के रंका थाना पुलिस ने शव की पहचान के लिए फोटो जारी किया था, जिसके बाद मृतक की पहचान अमन ओझा के रूप में हुई। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।
निष्पक्ष जांच की मांग
भाजपा नेता दिनेश शुक्ला ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। फिलहाल झारखंड पुलिस और छत्तीसगढ़ पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।


