जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शराब पीने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम तनौद में एक युवक ने लाठी से हमला कर बुजुर्ग की हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सड़क किनारे शराब पीने से मना करने पर विवाद
जानकारी के मुताबिक, बीती रात गांव के कुछ लोग तनौद-नवागांव मुख्य मार्ग किनारे बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान गांव निवासी सत्यवान महिपाल वहां पहुंचे और सड़क किनारे शराब पीने से मना किया। इस बात पर वहां मौजूद उमाशंकर साहू भड़क गया और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
बीच-बचाव करने पहुंचे पिता की मौत
देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोपी उमाशंकर साहू ने सत्यवान महिपाल के साथ हाथापाई शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख सत्यवान के पिता मोहन महिपाल बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान उमाशंकर साहू ने लाठी से उनके सिर पर जोरदार हमला कर दिया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हमले के बाद मोहन महिपाल मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तुरंत खरौद अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी उमाशंकर साहू को गिरफ्तार कर लिया है।

